मनोरंजन

Sulochana Chavan Passes Away : 92 साल की उम्र में मराठी लावणी सिंगर सुलोचना चव्हाण का हुआ निधन, प्रधानमंत्री ने जताया शोक

 दिल्ली, 11 दिसम्बर। Sulochana Chavan Passes Away : मराठी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। फेमस मराठी लावणी सिंगर सुलोचना चव्हाण का उम्र संबंधी बीमारियों के कारण शनिवार को मुंबई में निधन हो गया। आज दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से मनोरंजन जगत में मातम पसर गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सुलोचना चव्हाण की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। उनके निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी दुख जाहिर किया है।

बेटे ने दी जानकारी

सुलोचना चव्हाण के परिवार में उनका छोटा बेटा, बहू, पोते-पोतियां हैं। उनके जाने से उनके फैंस, दोस्त और परिवार सभी सदमे में हैं। उनके बेटे और ढोलकी वादक विजय चव्हाण ने ‘पीटीआई-भाषा’ को यह जानकारी दी। ‘लावणी समरदनी’ (लावणी की रानी) के रूप में जानी जाने वाली, सुलोचना चव्हाण इस पारंपरिक महाराष्ट्रीयन संगीत शैली में सबसे फेमस सिंगर में से एक थीं। उन्हें संगीत को दिए उनके योगदान के लिए पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया था।

प्रधानमंत्री ने शोक किया व्यक्त

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ”आने वाली पीढ़ियां महाराष्ट्र, विशेष रूप से लावणी की संस्कृति को बढ़ावा देने में सुलोचना ताई चव्हाण की महत्वपूर्ण भूमिका के लिए उन्हें याद रखेंगी। उन्हें संगीत और रंगमंच का भी शौक था। उनके निधन से दुख हुआ। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति।”

एकनाथ शिंदे ने दी श्रद्धांजलि

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने भी सुलोचना चव्हाण के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री शिंदे ने अपने शोक संदेश में कहा कि ”सुलोचना चव्हाण के निधन से लावणी, लोक कला और संगीत के क्षेत्र में एक शून्य पैदा हो गया है।” विधानसभा में विपक्ष के नेता अजित पवार ने भी दिवंगत गायिका को श्रद्धांजलि दी है। बता दें कि सुलोचना चव्हाण मराठी में अपनी लावणियों के लिए मशहूर थीं. उन्होंने लगभग 250 हिंदी गानों और मराठी में 5,000 से ज्यादा गानों को अपनी आवाज दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button