छत्तीसगढ

Womens Safety : सीएम ने की महिला सुरक्षा के लिए ‘अभिव्यक्ति एप’ लांच

रायपुर, 1 जनवरी। वर्ष के पहले दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महिलाओं को कई सौगातें दिए। पहले तो उन्होंने श्रमिक महिलाओं के लिए बड़ी राहत की घोषणा की, इसके बाद वे रायपुर पुलिस परेड मैदान पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ नव वर्ष मिलन समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा के लिए बने ‘अभिव्यक्ति एप’ को लांच किया।

इस एप में एसओएस बटन दबाते ही डायल 112 की टीम संबंधित महिला तक पहुंच जाएगी। इसके जरिए महिलाएं आपातकालन मदद मांग सकती हैं। बिना थाने गए शिकायत दर्ज कराए सुरक्षा के संबंध में पुलिस को सुझाव भी दे सकती हैं। इस एप पर पिछले एक साल से काम चल रहा था।

किसानों औऱ जवानों की हो रही है जयकारा

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, छत्तीसगढ़ में किसान और जवान दोनों की जय-जय हो रही है। छत्तीसगढ़ पुलिस ने आम लोगों का विश्वास हासिल किया है। कालीचरण की गिरफ्तारी के लिए पुलिस बधाई की पात्र है। हमारे जवानों की कुशलता को पूरे देश ने देखा है। मुझे इस बात की प्रसन्नता है, हमने चुनौतियों को स्वीकार किया और सफलता भी प्राप्त किया। चाहे वह बिलासपुर अपहरण हो या भिलाई के अपहरण की बात हो पुलिस ने अपहरणकर्ताओं को उनके मांद में घुसकर पकड़ा।

बिना खून बहाए नक्सलियों का सफाया करेंगे

रायपुर के पुलिस परेड मैदान में आयोजित नव वर्ष मिलन समारोह में पुलिस और केंद्रीय अद्र्धसैनिक बलों के अधिकारी और जवान बड़ी संख्या में मौजूद थे। जवानों को उत्साह देते हुए सीएम भूपेश बघेल ने कहा, पहले छत्तीसगढ़ के बारे में चर्चा होती थी कि यह नक्सली दहशत से भरा हुआ है। यह सोच हमने बदली है। सभी का विश्वास जीता है। अब लोग नक्सली नहीं विकास की बात करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, अब हम नक्सलियों के कोर सेक्टर में मौजूद हैं। सुकमा का अधिकांश हिस्सा नक्सलियों के कब्जे से मुक्त हो चुका है। इससे उनके हौसले पस्त हुए हैं। विकास की किरण प्रत्येक जगह पहुंच रही है। पुलिस को लोग दुश्मन नहीं दोस्त मान रहे हैं। बिना खून बहाए नक्सलियों का सफाया हो, प्रदेश तरक्की करे यही हमारी सोच है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button