सक्ती, 14 अप्रैल। Vedanta Accident Update : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को भीषण औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट में बॉयलर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिसमें 12 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
धमाका इतना तेज था कि पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल मजदूरों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया। सुरक्षा के लिहाज से पूरे प्लांट क्षेत्र को घेर लिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह बॉयलर में तकनीकी खराबी बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

