सूरजपुर, 30 अप्रैल। Ex Panchayat Secretary Death : जिले के ग्राम पंचायत उमझर के स्कूलपारा में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला अग्निकांड सामने आया, जिसमें ग्राम पंचायत के पूर्व सचिव ईश्वर सिंह आयाम की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय ईश्वर सिंह आयाम अपने घर के अंदर मौजूद थे। अचानक घर में आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही मिनटों में पूरा मकान आग की चपेट में आ गया।
आसपास के ग्रामीणों ने आग बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि घर के अंदर फंसे ईश्वर सिंह को बचाया नहीं जा सका। हालांकि, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने का संदेह है।
घटना की सूचना मिलते ही मोहरसोप पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे उमझर गांव में शोक (Ex Panchayat Secretary Death) की लहर है। ईश्वर सिंह आयाम को गांव में एक जिम्मेदार और सम्मानित व्यक्ति के रूप में जाना जाता था। उनकी अचानक हुई इस भयावह मौत से ग्रामीण स्तब्ध हैं।
