पटना, 02 अप्रैल। Couple Attack Murder : पटना में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात ने सनसनी फैला दी। लालबाग इलाके में घर में घुसकर अपराधियों ने दंपती पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है।

सुबह 7 बजे हुआ खौफनाक हमला
घटना पीरबहोर थाना क्षेत्र के अशोक राजपथ स्थित लालबाग की है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय मोहम्मद नवाज आलम के रूप में हुई है, जो एक मॉल में सेल्समैन का काम करता था। वह अपनी पत्नी नाजिया परवीन के साथ किराए के मकान में रह रहा था।
पड़ोसियों के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे जब लोग घर से बाहर निकल रहे थे, तभी उन्होंने दरवाजा खुला देखा। अंदर का मंजर देख सबके होश उड़ गए, फर्श पर खून फैला था, नवाज आलम की लाश पड़ी थी और उनकी पत्नी गंभीर हालत में तड़प रही थी। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच में जुटी पुलिस, CCTV खंगाले जा रहे
पुलिस ने बताया कि घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। पुलिस के अनुसार, घायल महिला की मां ने आशंका जताई है कि कोई व्यक्ति मोबाइल चोरी करने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान वारदात हुई। हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
आरोपी फरार, छापेमारी जारी
इस मामले में पुलिस का कहना है कि आरोपी फिलहाल (Couple Attack Murder) फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

