रायपुर, 14 मई। Red Room Techno Party : रायपुर में आयोजित होने वाली कथित रेड रूम टेक्नो पार्टी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि पार्टी के सोशल मीडिया प्रमोशन में नाबालिग लड़कियों का इस्तेमाल कर अश्लील तरीके से युवाओं को आकर्षित करने की कोशिश की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक इस पार्टी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार प्रमोट किया जा रहा है और इसे “फर्जी कैफे” नामक स्थान पर शुक्रवार शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक आयोजित करने की तैयारी है। आयोजन के लिए 40 हजार, 20 हजार, 15 हजार, 10 हजार और 8 हजार रुपये तक की अलग-अलग टिकट और बुकिंग फीस तय किए जाने की बात सामने आई है। वहीं कलाकारों से मिलने के लिए अलग से शुल्क लिए जाने की भी चर्चा है।

सूत्रों के अनुसार, इस आयोजन में नशे से जुड़े पदार्थ परोसे जाने की आशंका भी जताई जा रही है। इसके चलते आयोजन की वैधता, अनुमति प्रक्रिया और सुरक्षा मानकों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

मामले को लेकर शहर के सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। ACP रमाकांत साहू ने कहा कि इस तरह के आयोजन की आधिकारिक जानकारी पुलिस को नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी प्रकार का अश्लील या नियमों के विरुद्ध आयोजन न हो।

