नई दिल्ली, 16 मई। King Cobra Viral Video : फिलिपींस में छुट्टियां मनाने गए दोस्तों के एक ग्रुप के साथ ऐसा खौफनाक हादसा हुआ, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। होटल के टॉयलेट के अंदर दुनिया के सबसे खतरनाक सांपों में गिने जाने वाले किंग कोबरा को देखकर पूरे रिसॉर्ट में हड़कंप मच गया।
यह घटना फिलीपींस के साल्वाडोर बेनेडिक्टो इलाके के एक रिसॉर्ट की बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पांच दोस्त नॉर्दर्न नेग्रोस नेचुरल पार्क के पास घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान एक दोस्त बाथरूम इस्तेमाल करने गया, जहां उसे लगा कि टॉयलेट ठीक से फ्लश नहीं हुआ है। लेकिन दूसरी बार फ्लश करते ही टॉयलेट के अंदर से विशाल किंग कोबरा बाहर निकल आया।
कैमरे की तरफ फन उठाकर देखने लगा सांप
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति लंबी छड़ी से सांप को छूने की कोशिश करता है। कुछ ही सेकंड में किंग कोबरा पूरी तरह बाहर निकल आता है और कैमरे की तरफ जीभ निकालते हुए देखने लगता है। यह नजारा देखकर वहां मौजूद लोगों की चीख निकल गई।
ग्रुप के सदस्य ड्रानरेब टियोडोसो ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि यह कोई सामान्य पानी वाला सांप होगा, लेकिन बाद में वीडियो को रेप्टाइल एक्सपर्ट्स को दिखाया गया, जिन्होंने पुष्टि की कि वह किंग कोबरा ही था।
गर्मी से बचने पाइपलाइन के रास्ते पहुंचा?
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक इलाके में पहले भी किंग कोबरा देखे (King Cobra Viral Video) जा चुके हैं। माना जा रहा है कि गर्मी बढ़ने के कारण सांप ठंडी जगह की तलाश में पाइपलाइन के जरिए टॉयलेट तक पहुंच गया होगा। अधिकारियों ने यह आशंका भी जताई है कि कहीं यह किसी अवैध रूप से पाले गए सांप के कैद से भागा हुआ तो नहीं था। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। लेकिन डर के कारण दोस्तों के पूरे ग्रुप ने तुरंत होटल बदल लिया।

