Gold Smuggling : कार के गुप्त चैंबर से निकला 9 करोड़ का सोना…! हिरासत में 3 युवक…महासमुंद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Gold Smuggling : कार के गुप्त चैंबर से निकला 9 करोड़ का सोना…! हिरासत में 3 युवक…महासमुंद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

महासमुंद, 18 मई। Gold Smuggling : महासमुंद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण जब्त किए हैं। यह कार्रवाई सिंघोड़ा थाना क्षेत्र स्थित रेहटीखोल जांच चौकी पर वाहन जांच के दौरान की गई।

पुलिस के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन की पिछली सीट के नीचे बनाए गए गुप्त चैंबर से भारी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद हुए।

7.5 किलो से ज्यादा सोना बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस को कुल 7512.488 ग्राम सोने के आभूषण मिले। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 9 करोड़ 27 लाख रुपये बताई जा रही है।

कार में सवार लोगों से जब सोने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई संतोषजनक जवाब या कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने पूरा माल जब्त कर लिया।

गुजरात के 3 युवक हिरासत में

मामले में पुलिस ने गुजरात के राजकोट निवासी तीन लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों की पहचान जयेश अकबरी, सुनीत कारेना और रूशी अग्रावत के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को अवैध गोल्ड तस्करी की आशंका है। बताया जा रहा है कि सोने को गुप्त तरीके से एक राज्य से दूसरे राज्य ले जाया जा रहा था।

आयकर विभाग और DRI करेगी जांच

सिंघोड़ा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरा प्रकरण (Gold Smuggling) आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय (DRI) को सौंप दिया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि जब्त किया गया सोना कहां से लाया गया था, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

About The Author

छत्तीसगढ जुर्म