सरगुजा, 21 मई। Murder by Electric Shock : सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लैंगा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के मायके पक्ष ने महिला के पति पर करंट लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, महिला की शादी वर्ष 2020 में ग्राम लैंगा निवासी संतलाल के साथ हुई थी। मृतका के भाई का आरोप है कि शादी के दो साल बाद भी संतान नहीं होने पर पति उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।
परिजनों का कहना है कि आरोपी पति का किसी दूसरी महिला से संबंध था और वह उसे घर लाना चाहता था। इस विवाद को लेकर समाज की बैठक भी हुई थी, जिसमें आरोपी को समझाइश दी गई थी, लेकिन उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।
बिस्तर में करंट दौड़ाकर हत्या का आरोप
मायके पक्ष के अनुसार, 17 मई की रात महिला की करंट लगाकर हत्या की गई। मृतका के हाथों पर जलने के दो निशान मिले हैं। परिजनों का आरोप है कि आरोपी पति ने बिस्तर में करंट प्रवाहित कर घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद आरोपी द्वारा घर में तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर डांस करने की बात भी सामने आई है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। वहीं परिजनों का आरोप है कि महिला की मौत की सूचना उन्हें काफी देर से दी गई।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मृतका के परिवार ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

