ओडिशा, 22 मई। Odisha Bus Accident : ओडिशा के गंजम जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के लाडकापल्ली स्क्वायर के पास एक तेज रफ्तार बस ने ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
कई मीटर तक ऑटो को घसीटती रही बस
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बस ऑटो को कई मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे के बाद ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय सभी यात्री कोडाला की ओर जा रहे थे।
4 घायल, मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी
हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए कोडाला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
हादसे के बाद फरार हुआ बस चालक
टक्कर के तुरंत बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला (Odisha Bus Accident) दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बस के रूट की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है।

