रायपुर, 26 मई। CG Panchayat Election : छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव को लेकर बड़ी तस्वीर सामने आई है। नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी मुकाबले की स्थिति साफ हो गई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पंचायत चुनाव में कई पदों पर उम्मीदवार ही नहीं मिले, जबकि सैकड़ों उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अंतिम सूची के मुताबिक, सरपंच और पंच मिलाकर कुल 415 पदों पर चुनाव ही नहीं हो पाएगा। इनमें 30 सरपंच पदों पर एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ, जबकि पंच के 385 पद खाली रह गए।
वहीं दूसरी ओर, कई जगह मुकाबला बनने से पहले ही उम्मीदवार जीत गए। प्रदेश में 640 पंच और 15 सरपंच निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं।
1 जून को मतदान, 4 जून को रिजल्ट
प्रदेश में चार नगर पंचायतों में आम चुनाव और एक नगर पंचायत में उपचुनाव कराया जा रहा है। इसके अलावा 82 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 1136 पंच पदों पर उपचुनाव होंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, नगरीय निकायों में कुल 240 उम्मीदवार, जबकि पंचायत चुनाव में 392 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान 1 जून को होगा और मतगणना के बाद 4 जून को परिणाम घोषित किए जाएंगे।
इन पदों पर होगा मुकाबला
- पंच के 1136 पदों में:
- 385 पदों पर नामांकन नहीं
- 4 नामांकन निरस्त
- 640 निर्विरोध निर्वाचित
- 107 पदों पर मतदान
- 246 उम्मीदवार मैदान में
- सरपंच के 82 पदों में:
- 30 पद खाली
- 3 नामांकन निरस्त
- 15 निर्विरोध निर्वाचित
- 34 सीटों पर चुनाव
- 105 उम्मीदवार मैदान में
इसके अलावा जनपद सदस्य के 10 पदों पर 41 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। नगरीय निकाय चुनाव में पार्षद के 71 वार्डों में मतदान कराया जाएगा।
EVM और बैलेट बॉक्स दोनों का इस्तेमाल
राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी (CG Panchayat Election) ने बताया कि नगरीय निकाय चुनाव ईवीएम से कराए जाएंगे, जबकि पंचायत चुनाव बैलेट बॉक्स से होंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के निर्देश दिए हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

