रायपुर। Nari Vandan 2026 :देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) महिला विंग द्वारा आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित “नारी वंदन 2026” कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर छत्तीसगढ़ महिला विंग की एक महत्वपूर्ण जूम बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से महिला पदाधिकारियों, उद्यमियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
कैट महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष मधु अरोड़ा, प्रदेश महामंत्री पिंकी अग्रवाल एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रेरणा भट्ट ने बताया कि नारी शक्ति के सम्मान, सशक्तिकरण और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाला नारी वंदन 2026 महिलाओं की उपलब्धियों और प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मधु अरोड़ा ने सभी जिलों की महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक महिलाओं को इस आयोजन से जोड़ें और महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि नारी वंदन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देने और उन्हें आगे बढ़ाने का एक सशक्त अभियान है।
बैठक के दौरान प्रदेश महामंत्री पिंकी अग्रवाल एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीमती प्रेरणा भट्ट ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए नारी वंदन अवॉर्ड्स, सम्मान समारोह, स्टॉल बुकिंग प्रक्रिया तथा विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में महिला उद्यमियों, कलाकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर बिलासपुर महिला विंग अध्यक्ष निहारिका त्रिपाठी ने भी अपने विचार रखते हुए महिलाओं से स्टॉल बुकिंग एवं नारी वंदन अवॉर्ड्स में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन महिलाओं को अपने व्यवसाय, कला, नवाचार एवं सामाजिक योगदान को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा।
बैठक में सभी जिलों से सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई तथा प्रतिभागियों ने व्यापक जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिकाधिक महिलाओं को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया। बैठक के अंत में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में महिलाओं का पंजीयन नारी वंदन अवॉर्ड्स एवं स्टॉल बुकिंग के लिए होगा और यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल सिद्ध होगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी प्रतिभागियों ने एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया और महिलाओं से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
“आइए, नारी शक्ति का सम्मान करें, उनकी उपलब्धियों को पहचान दें और नारी वंदन 2026 को एक यादगार एवं सफल आयोजन बनाएं।”
बैठक में श्रीमती मधु अरोड़ा, श्रीमती पिंकी अग्रवाल, श्रीमती प्रेरणा भट्ट, डॉ. प्रदीपा, नीलम दिवाकीर्ति, डॉ. प्रिया जोशी, डॉ. अंकिता जोशी, श्रावणी चटर्जी, एकता ठाकुर, चेतना श्रीवास्तव, प्रतिज्ञा ठाकुर, फिरोज खान एवं चुन्नी मौर्य सहित विभिन्न जिलों की महिला पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

