कोरिया, 20 जून। Koriya Viral Video Case : जिले में महिला के साथ अमानवीय व्यवहार और क्रूरता की सारी हदें पार करने वाले मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और पीड़िता के पति जितेंद्र घसिया को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पटना थाना पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 123 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। यह धारा गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में आती है और दोष सिद्ध होने पर 10 वर्ष तक के कारावास का प्रावधान है।
गौरतलब है कि इस मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी का जबरन मुंडन कराया, उसके चेहरे पर कालिख पोती और उसे अपमानजनक एवं अमानवीय व्यवहार का शिकार बनाया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला था।
पुलिस का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए जांच तेज गति से आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।

