MP MLA Salary : पढ़ाई के लिए MLA ने छोड़ी 10 महीने की सैलरी…! कमलेश्वर डोडियार का फैसला बना चर्चा का विषय…राजनीति में मिसाल बनी पहल

MP MLA Salary : पढ़ाई के लिए MLA ने छोड़ी 10 महीने की सैलरी…! कमलेश्वर डोडियार का फैसला बना चर्चा का विषय…राजनीति में मिसाल बनी पहल

भोपाल, 13 जुलाई। MP MLA Salary : मध्य प्रदेश की राजनीति से एक अलग और चर्चा में रहने वाली पहल सामने आई है। सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी (NLIU), भोपाल में एलएलएम (LLM) की नियमित पढ़ाई के लिए दाखिला लेने के बाद करीब 10 महीने का विधायक वेतन और भत्ता स्वेच्छा से छोड़ने का फैसला किया है। उनके इस निर्णय की राजनीतिक और शैक्षणिक दोनों क्षेत्रों में चर्चा हो रही है।

विधानसभा अध्यक्ष को भेजा आवेदन

विधायक कमलेश्वर डोडियार ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, संसदीय कार्य मंत्री, वित्त मंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री, जनजातीय कार्य मंत्री, मुख्य सचिव और विधानसभा के प्रमुख सचिव को पत्र भेजकर अनुरोध किया है कि 20 जुलाई 2026 से 15 मई 2027 तक उन्हें मिलने वाले वेतन और भत्तों का भुगतान स्थगित किया जाए।

क्यों लिया यह फैसला?

डोडियार ने अपने आवेदन में कहा कि NLIU भोपाल में नियमित छात्र के रूप में पढ़ाई करते हुए बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) और विश्वविद्यालय के उपस्थिति नियमों का पालन करना अनिवार्य है। ऐसे में नैतिकता और शैक्षणिक दायित्वों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने वेतन और भत्ता नहीं लेने का निर्णय लिया है।

जनता से किया यह वादा

विधायक ने स्पष्ट किया कि पढ़ाई के बावजूद वे विधानसभा सत्रों में भाग लेंगे, अपने क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनेंगे और आवश्यक सरकारी कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।

अपने खर्चे पर करेंगे क्षेत्र का दौरा

कमलेश्वर डोडियार ने यह भी कहा कि वेतन और भत्ता नहीं मिलने के बावजूद वे अपने निजी खर्चे से सैलाना विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे और जनसुनवाई जारी रखेंगे। उनका कहना है कि यह फैसला किसी दबाव में नहीं बल्कि पूरी तरह उनकी स्वेच्छा और नैतिक जिम्मेदारी के तहत लिया गया है।

About The Author

मध्यप्रदेश राजनीति