Raipur Municipal Corporation : विधायक राजेश मूणत का निगम अधिकारियों को अल्टीमेटम…! अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई और जलभराव-कचरा समस्या खत्म करने के निर्देश

Raipur Municipal Corporation : विधायक राजेश मूणत का निगम अधिकारियों को अल्टीमेटम…! अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई और जलभराव-कचरा समस्या खत्म करने के निर्देश

रायपुर, 21 जुलाई। Raipur Municipal Corporation : रायपुर पश्चिम के विधायक एवं प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने मंगलवार को नगर निगम के जोन 1, 5, 7 और 8 के अंतर्गत आने वाले 20 वार्डों के विकास कार्यों और जनसमस्याओं की लगभग 5 घंटे तक मैराथन समीक्षा की। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित बैठक में महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, आयुक्त संबित मिश्रा, पार्षद और निगम अधिकारी मौजूद रहे।

समीक्षा बैठक में राजेश मूणत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में किसी भी प्रकार का नियम विरुद्ध कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अवैध निर्माण, अवैध प्लॉटिंग, अवैध कब्जों और अवैध होर्डिंग्स पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, स्वच्छ सर्वेक्षण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, नालों की सफाई, जलभराव, पेयजल व्यवस्था, वेंडिंग जोन और विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। विधायक ने पार्षदों से वार्डवार समस्याओं की जानकारी लेकर अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों को राजधानी में जलभराव और पेयजल संकट के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रामकी कंपनी के माध्यम से शहर के हर घर से प्रतिदिन डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन सुनिश्चित किया जाए और निगम अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करें।

राजेश मूणत ने कहा कि राजधानी रायपुर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर काम करें तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

About The Author

छत्तीसगढ