Medical Bill : सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत…! मेडिकल बिल जमा करने के लिए बना सिंगल काउंटर…स्वास्थ्य विभाग का आदेश जारी

Medical Bill : सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत…! मेडिकल बिल जमा करने के लिए बना सिंगल काउंटर…स्वास्थ्य विभाग का आदेश जारी

रायपुर, 23 जुलाई। Medical Bill : छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय ने नवा रायपुर स्थित विभिन्न शासकीय कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए मेडिकल बिल जमा करने की प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं में सिंगल काउंटर स्थापित किया गया है, जहां विभिन्न विभागों से प्राप्त चिकित्सा प्रतिपूर्ति (मेडिकल) बिल एकत्र किए जाएंगे।

जारी आदेश के अनुसार, इस काउंटर के माध्यम से सभी मेडिकल बिल निर्धारित तिथि पर एक साथ सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला चिकित्सालय रायपुर के कार्यालय में प्रतिहस्ताक्षर (काउंटर सिग्नेचर) के लिए भेजे जाएंगे।

क्या बदलेगा?

  • नवा रायपुर स्थित सभी शासकीय कार्यालयों के मेडिकल बिल एक ही स्थान पर जमा होंगे।
  • संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं बिलों को एकत्र कर निर्धारित दिवस पर सिविल सर्जन कार्यालय भेजेगा।
  • प्रतिहस्ताक्षर के बाद आगे की प्रक्रिया पूर्ववत संबंधित विभागों द्वारा की जाएगी।

कर्मचारी संघों की मांग पर फैसला

यह व्यवस्था छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ एवं छत्तीसगढ़ लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ की मांग पर लागू की गई है। उद्देश्य कर्मचारियों को मेडिकल बिल जमा करने में होने वाली प्रशासनिक परेशानियों को कम करना है।

महत्वपूर्ण शर्त

स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि यदि (Medical Bill) किसी अधिकारी या कर्मचारी का मेडिकल बिल रास्ते में या प्रक्रिया के दौरान गुम हो जाता है, तो उसकी जिम्मेदारी संचालनालय की नहीं होगी। इस संबंध में आदेश की प्रति कर्मचारी संगठनों को भी भेजी गई है।

About The Author

छत्तीसगढ स्वास्थ्य