नई दिल्ली, 29 जुलाई। IIT Kanpur Website Hacked : देश के प्रतिष्ठित IIT कानपुर में बी.टेक साइबर सुरक्षा पाठ्यक्रम में प्रवेश नहीं मिलने के बाद एक छात्र ने संस्थान की वेबसाइट हैक कर सबको चौंका दिया। वेबसाइट पर उसने संदेश छोड़ा- Site is Hacked, All I Need is Just a Fair Chance.
इसके बाद छात्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और Reddit पर स्क्रीनशॉट साझा करते हुए दावा किया कि उसने अपनी साइबर सिक्योरिटी स्किल्स साबित करने के लिए ऐसा किया और वह सिर्फ एक निष्पक्ष अवसर चाहता था।
FIR नहीं, भविष्य बचाने का फैसला
घटना के बाद जहां कानूनी कार्रवाई की चर्चा थी, वहीं IIT कानपुर के निदेशक प्रो. मनिंद्र अग्रवाल ने अलग रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि बी.टेक में प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह समाप्त हो चुकी है और नियमों के कारण अब दाखिला संभव नहीं है।
हालांकि, संस्थान छात्र का भविष्य खराब नहीं करना चाहता। इसलिए C3iHub में उसे इंटर्नशिप के लिए विचार किया जा रहा है। साथ ही छात्र अगले शैक्षणिक सत्र में दोबारा प्रवेश के लिए आवेदन कर सकता है।
हैकथॉन में नहीं दिखा पाया था प्रतिभा
प्रो. अग्रवाल के अनुसार, साइबर सुरक्षा कार्यक्रम की चयन प्रक्रिया में पहले ही हैकथॉन के माध्यम से प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया गया था। उस चरण में छात्र चयनित नहीं हो पाया। इसके बाद उसने कथित तौर पर वेबसाइट में सेंध लगाकर अपनी तकनीकी क्षमता दिखाने की कोशिश की।
अन्य साइबर एक्सपर्ट्स के लिए भी खुला अवसर
IIT कानपुर ने यह भी कहा कि जो लोग साइबर सुरक्षा में दक्ष हैं, वे C3iHub के लिए अपना CV भेज सकते हैं। योग्य उम्मीदवारों को इंटर्नशिप या नौकरी के अवसरों पर विचार किया जाएगा।
युवाओं को दिया बड़ा संदेश
निदेशक ने स्पष्ट किया कि प्रतिभा का सम्मान किया जाएगा, लेकिन लक्ष्य हासिल करने के लिए कानूनी और नैतिक रास्ता अपनाना जरूरी है। उन्होंने छात्रों से ऐसी गतिविधियों से बचने की अपील की जिनके गंभीर कानूनी परिणाम हो सकते हैं।

