रायपुर, 04 अगस्त। Sant Ravidas Jayanti Holiday : छत्तीसगढ़ सरकार ने संत गुरु रविदास के सम्मान में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ऐलान किया कि अब से संत रविदास जयंती पर पूरे छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इसके साथ ही राज्य सरकार संत गुरु रविदास के नाम पर राज्य अलंकरण पुरस्कार भी शुरू करेगी।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय कलश वंदन अभियान के दौरान की, जहां वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी वाले कलश का पूजन एवं वितरण किया गया।
CM साय के 4 बड़े ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गुरु रविदास के विचार सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के मार्गदर्शक हैं। इन्हें जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार ने कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं-
संत रविदास जयंती पर पूरे छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक अवकाश।
संत गुरु रविदास राज्य अलंकरण पुरस्कार की शुरुआत, जो हर वर्ष राज्य स्थापना दिवस पर प्रदान किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में संत रविदास का प्रेरक संदेश अंकित कराया जाएगा।
नवा रायपुर के एक प्रमुख चौक का नाम संत गुरु रविदास के नाम पर रखा जाएगा।
‘समरसता और सामाजिक न्याय का संदेश पहुंचे हर घर’
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि संत गुरु रविदास का जीवन समानता, सामाजिक न्याय और मानवता का प्रतीक है। सरकार का उद्देश्य उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और समाज में समरसता के संदेश को और मजबूत करना है।
कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

