रायपुर, 18 अगस्त। Rapist Father: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रिश्ते को शर्मसार करने वाला गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपने पिता पर लंबे समय तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के गर्भवती होने पर कथित तौर पर जबरन गर्भपात कराया गया।
बाद में दोबारा गर्भवती होने पर उसकी उम्र और वैवाहिक स्थिति छिपाकर अस्पताल में प्रसव कराया गया और नवजात को कथित तौर पर 1.50 लाख रुपये में दूसरे लोगों को देने/बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में पीड़िता के पिता, उसकी बुआ सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में अस्पताल से जुड़े लोगों के नाम भी शामिल हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
2023 से दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता ने 17 अगस्त को न्यू राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2023 में उसके पिता ने अमलीडीह स्थित रिश्तेदार के घर में जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने के कारण वह डर के चलते चुप रही। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी पिता उसके साथ लगातार दुष्कर्म करता रहा, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई।
पहली बार गर्भवती हुई तो कराया गर्भपात
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने गर्भवती होने की जानकारी अपनी बुआ को दी। बुआ ने इसकी जानकारी उसके पिता को दी। आरोप है कि पिता गर्भपात की दवा लेकर आया और बुआ की मदद से पीड़िता के साथ मारपीट कर उसे दवा खिला दी, जिससे उसका गर्भपात हो गया। इसके कुछ समय बाद फिर दुष्कर्म करने का सिलसिला जारी रहा। वर्ष 2025 में पीड़िता दोबारा गर्भवती हुई।
उम्र छिपाकर अस्पताल में कराया भर्ती
पुलिस के अनुसार, गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता को वर्षा मंडल के घर ले जाया गया। बाद में उसे गीता राय के घर भेज दिया गया, जहां वह करीब दो महीने रही। आरोप है कि पीड़िता की वास्तविक उम्र छिपाकर उसे अधिक उम्र का बताया गया और विवाहित महिला के रूप में वासुदेव हॉस्पिटल, डंगनिया में भर्ती कराया गया। यहां ऑपरेशन के जरिए उसने एक बेटे को जन्म दिया।
नवजात को दूसरे लोगों को देने का आरोप
प्रसव के बाद नवजात को कथित तौर पर डॉक्टर, पीड़िता के पिता और अन्य संबंधित लोगों की मौजूदगी में दूसरे व्यक्तियों को सौंप दिया गया। पुलिस के मुताबिक, इस संबंध में पीड़िता से कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने भय के कारण दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। प्रसव के बाद उसे करीब 15 दिनों तक गीता राय के घर रखा गया और फिर उसका पिता उसे वापस अपने घर ले गया।
6 आरोपी गिरफ्तार
पीड़िता की शिकायत पर न्यू राजेंद्र नगर थाने में BNS, POCSO एक्ट और JJ एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पीड़िता के पिता और बुआ समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम और नवजात को कथित रूप से दिए जाने/बेचे जाने से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में ये नाम शामिल
- पीड़िता का पिता
- पीड़िता की बुआ
- रोहित कुमार राय, उम्र 35 वर्ष
- साहेब मंडल, उम्र 42 वर्ष
- योगिता राय उर्फ गीता राय, उम्र 32 वर्ष
- बरखा वर्मा उर्फ वर्षा मंडल, उम्र 34 वर्ष

