रायपुर, 19 अगस्त। Raipur Traffic: राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए पुलिस प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के बीच मंथन तेज हो गया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित ‘ट्रैफिक हैकाथॉन-2026’ के तहत बुधवार को सी-4 पुलिस कंट्रोल रूम, सिविल लाइन्स में परामर्श एवं समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर कई व्यावहारिक सुझाव दिए। बैठक की अध्यक्षता रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने की। चेंबर प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने किया। विभिन्न व्यापारिक एसोसिएशनों के पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
ट्रांसपोर्ट शहर से बाहर करने का सुझाव
चेंबर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि शहर में ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए कड़े और व्यावहारिक फैसले जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि यदि ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को पूरी तरह शहर के बाहर स्थानांतरित कर दिया जाए तो रायपुर की आधी ट्रैफिक समस्या का समाधान हो सकता है।उन्होंने मुख्य बाजारों में मल्टी-लेवल पार्किंग का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने और नो-पार्किंग जोन का स्पष्ट चिह्नांकन करने पर भी जोर दिया।
लोडिंग-अनलोडिंग के लिए तय हो समय
व्यापारिक क्षेत्रों में माल की लोडिंग-अनलोडिंग के लिए व्यावहारिक समय निर्धारित करने का सुझाव भी दिया गया। चेंबर का कहना है कि इससे पीक आवर्स में बाजारों में होने वाले ट्रैफिक जाम को कम करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा व्यस्त बाजारों में पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए अधिक ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती और AI आधारित आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से यातायात नियंत्रण को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने का सुझाव दिया गया।
“सुगम यातायात से व्यापार को भी फायदा”
सतीश थौरानी ने कहा कि व्यवस्थित और सुगम यातायात से न केवल शहर की छवि बेहतर होती है, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स पुलिस प्रशासन के ‘ट्रैफिक हैकाथॉन-2026’ जैसे नवाचार का पूरा समर्थन करता है।उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे 17 सितंबर तक ऑनलाइन माध्यम से अपने नवाचारी सुझाव ट्रैफिक हैकाथॉन में दर्ज कराएं।
पुलिस कमिश्नर ने सुझावों पर दिया भरोसा
बैठक में पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने चेंबर द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उन पर त्वरित अमल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सुगम और सुरक्षित यातायात शहर की जीवनरेखा है। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 का उद्देश्य आम जनता और व्यापारिक जगत की व्यावहारिक समस्याओं को समझकर तकनीक और जनभागीदारी के माध्यम से उनके स्थायी समाधान तलाशना है। पुलिस प्रशासन के अनुसार व्यापारिक संगठनों से मिलने वाले सुझाव रायपुर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बैठक में व्यापारिक संगठनों की बड़ी भागीदारी
बैठक में चेंबर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के साथ सलाहकार सरल मोदी, गुरजीत सिंह संधु, चंदर विधानी, चेतन तारवानी, राधाकिशन सुन्दरानी, राजेश वासवानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, कपिल दोशी, लोकेश चंद्रकांत जैन, टी. श्रीनिवास रेड्डी, दिलीप इसरानी, राजकुमार राठी, मनीष प्रजापति, अमरदास खट्टर, महेन्द्र कुमार बागरोड़िया, तेज कुमार बजाज, जितेन्द्र शादीजा सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा ट्रांसपोर्ट, पान व्यापारी, परचून ट्रांसपोर्ट, गुरुनानक मार्केट, महात्मा गांधी मार्ग, मालवीय रोड, डुमरतराई, रविभवन, मर्चेंट एसोसिएशन और ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन समेत विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।

