रायपुर, 13 सितंबर। CGPSC Scam: बहुचर्चित सीजीपीएससी घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के एडिशनल कलेक्टर चेतन बरघोरिया को गिरफ्तार किया है। मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में उन्हें विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने 6 दिन की ED रिमांड मंजूर की है।
ADM की गिरफ्तारी पर CM साय का बड़ा बयान
ADM चेतन बरघोरिया की गिरफ्तारी को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार, 13 सितंबर को बड़ा बयान दिया। सीएम साय ने सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को स्पष्ट करते हुए कहा कि अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति हो, उसकी जांच होगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीएम साय ने स्पष्ट शब्दों में कहा- ‘किसी को बख्शा नहीं जाएगा।’
ED ने पूछताछ के बाद किया गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक ED ने शुक्रवार को चेतन बरघोरिया से पूछताछ की थी। पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर विशेष अदालत के समक्ष पेश किया गया। अदालत में ED की ओर से उत्कर्ष चंद्राकर और चेतन बरघोरिया के बीच कथित WhatsApp चैट का भी हवाला दिया गया। मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में जांच आगे बढ़ाने के लिए ED ने रिमांड की मांग की थी, जिसके बाद अदालत ने चेतन बरघोरिया को 6 दिनों की ED रिमांड पर भेज दिया।
सरकार ने साफ किया- अपराध पर होगी सख्त कार्रवाई
CM साय ने कहा कि उनकी सरकार में अपराध और अनियमितता के मामलों में किसी के साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। जांच एजेंसियां अपना काम करेंगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। CGPSC घोटाला मामले में ADM की गिरफ्तारी और उसके बाद मुख्यमंत्री के इस सख्त बयान ने मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

