रायगढ़, 17 सितंबर। Raigarh Teenager Murder: रामभांठा क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले का रायगढ़ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे लव ट्रायंगल से जुड़ा विवाद सामने आया है। आरोपियों ने किशोर के सिर पर पत्थर से कई वार किए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक का मोबाइल और घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

रामभांठा के खाली प्लॉट में मिला था शव
15 सितंबर की सुबह कोतवाली पुलिस को कोसाबाड़ी के सामने पुराने बस डिपो, रामभांठा स्थित एक खाली प्लॉट में किशोर का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
मृतक के पिता ने शव की पहचान अपने 16 वर्षीय पुत्र के रूप में की। परिजनों के मुताबिक, किशोर 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शव के सिर पर चोट के निशान मिले। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर धारा 103(1) BNS के तहत अपराध दर्ज किया।
आखिरी बार साथ देखे गए युवकों से पूछताछ
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में संदिग्धों की पतासाजी शुरू की गई। पुलिस ने गवाहों से पूछताछ की और मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए युवकों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की।
जांच के दौरान मृतक का 20 वर्षीय शिवम बरेठ और 23 वर्षीय शिवम बानी के साथ विवाद होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ के बाद दोनों ने हत्या में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, ऐसे हुई हत्या
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को दोनों आरोपी रामलीला मैदान में चक्रधर समारोह देखने गए थे। वहां उन्होंने किशोर को एक परिचित लड़की के साथ देखा। पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवम बानी उक्त लड़की के प्रति एकतरफा लगाव रखता था। इसके बाद आरोपी किशोर को रामलीला मैदान के पास बुलाकर पुराने बस डिपो की ओर ले गए। पुलिस के अनुसार, शिवम बरेठ ने पहले किशोर का मोबाइल अपने पास रख लिया और उसे वापस करने के लिए ₹1,000 देने की बात कही।
इसके बाद दोनों आरोपियों ने किशोर को लड़की से नहीं मिलने-जुलने की बात कहकर डराया-धमकाया। विवाद बढ़ने पर दोनों ने कथित तौर पर पत्थर से किशोर के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मोबाइल और रक्तरंजित कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपी शिवम बरेठ के कब्जे से मृतक का मोबाइल बरामद किया है। आरोपियों के मेमोरेडम के आधार पर घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन कराया और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवम बरेठ के खिलाफ पहले भी मारपीट से जुड़े अपराध कोतवाली थाने में दर्ज हैं।
एसएसपी ने दिया सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून हाथ में लेने और हिंसा का सहारा लेने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई सख्त और प्रभावी रहेगी। उन्होंने कहा कि हत्या जैसे गंभीर मामलों में त्वरित विवेचना, साक्ष्य संकलन और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है। कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन और डीएसपी राहुल उईके के सुपरविजन में की गई। मामले के खुलासे में थाना प्रभारी अमित तिवारी सहित कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

