पिथौरागढ़, 20 सितंबर। Death of Mother and Son: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में एक ही परिवार पर कुछ घंटों के अंतराल में दोहरी त्रासदी टूट पड़ी। मड़े गांव निवासी 14 वर्षीय जतिन जोशी की अचानक मौत के कुछ घंटे बाद उसकी मां पूनम जोशी की भी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, जतिन शनिवार सुबह करीब 6 बजे झौलखेत खेल मैदान में दौड़ लगाने गया था। दौड़ने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह मैदान में ही बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी में जतिन की मौत की वजह हृदयाघात बताई जा रही है।
इकलौते बेटे की अचानक मौत से उसकी मां पूनम गहरे सदमे में थीं। बताया गया कि अस्पताल से घर लौटने के बजाय वह गंगोलीहाट जाने वाली टैक्सी में बैठ गईं। करीब 30 किलोमीटर दूर घाट के पास उन्होंने टैक्सी रुकवाई और सरयू नदी में छलांग लगा दी।
घटना देख टैक्सी चालक और स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद पूनम का शव बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले पूनम की बेटी की भी मौत हो चुकी थी। अब बेटे की अचानक मौत के कुछ ही घंटे बाद मां की भी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


