पटना, 21 सितंबर। Burned Mother Alive: पटना के खाजेकलां थाना क्षेत्र के दीवान मोहल्ले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 60 वर्षीय मंजू देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई।

`उनके बेटे चिंटू कुमार पर आरोप है कि उसने कथित तौर पर नशे की हालत में अपनी मां को घर के अंदर जिंदा जला दिया। पुलिस के अनुसार, चिंटू कुमार ऑटो रिक्शा चलाता है और नशे का आदी बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मंजू देवी की मौत हो चुकी थी।
पुलिस से भी की हाथापाई
पुलिस ने आरोपी चिंटू कुमार को गिरफ्तार करने की कोशिश की तो उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की। पुलिस ने किसी तरह उसे काबू में लेकर गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद भी आरोपी की हरकतें सामान्य नहीं थीं। पुलिस के मुताबिक, वह खुद को भगवान बताने लगा और कथित तौर पर कह रहा था कि यह कलयुग है और उसने ही अपनी मां को मारा है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए NMCH भेज दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। हत्या की वजह और घटना के समय आरोपी ने किस तरह के नशे का सेवन किया था, इसकी भी जांच की जा रही है।

