नई दिल्ली, 22 सितंबर। Rajya Sabha Election 2026: चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 11 सीटों के द्विवार्षिक चुनाव और पश्चिम बंगाल की एक रिक्त सीट पर उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। द्विवार्षिक चुनाव में उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक सीट शामिल है, जबकि पश्चिम बंगाल की एक सीट पर उपचुनाव होगा। इस तरह 16 अक्टूबर 2026 को कुल 12 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान होगा।
16 अक्टूबर को होगी वोटिंग
चुनाव आयोग के घोषित कार्यक्रम के अनुसार राज्यसभा चुनाव के लिए 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।
यूपी की 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटें मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने के बाद नवंबर में रिक्त होंगी। इन सीटों के लिए होने वाले द्विवार्षिक चुनाव में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी समेत कई मौजूदा सदस्य शामिल हैं। रिटायर होने वाले यूपी के सदस्यों में हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह, बृजलाल, बीएल वर्मा, राम गोपाल यादव, नीरजा शेखर, गीता उर्फ चंद्रप्रभा, रामजी, सीमा और डॉ. दिनेश शर्मा के नाम शामिल हैं।
उत्तराखंड की एक सीट भी होगी खाली
उत्तराखंड से नरेश बंसल का कार्यकाल पूरा होने के कारण एक राज्यसभा सीट पर द्विवार्षिक चुनाव होगा।
पश्चिम बंगाल में एक सीट पर उपचुनाव
इसके अलावा पश्चिम बंगाल में एक रिक्त राज्यसभा सीट को भरने के लिए उपचुनाव कराया जाएगा। यह सीट रिक्त होने के बाद आयोग ने इसके लिए भी 16 अक्टूबर को मतदान की तारीख तय की है।
मतपत्र को लेकर भी आयोग के निर्देश
चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को लेकर निर्देश जारी किए हैं। मतपत्र पर प्राथमिकताएं दर्ज करने के लिए रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से उपलब्ध कराए गए निर्धारित विनिर्देश वाले एकीकृत बैंगनी रंग के स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जाएगा। राज्यसभा चुनाव में संबंधित राज्यों के निर्वाचित विधायक मतदान करते हैं और मतपत्र में उम्मीदवारों के लिए प्राथमिकता क्रम दर्ज किया जाता है।
राज्यसभा चुनाव 2026: पूरा शेड्यूल
- अधिसूचना: 29 सितंबर 2026
- नामांकन की अंतिम तारीख: 6 अक्टूबर
- नामांकन पत्रों की जांच: 7 अक्टूबर
- नाम वापसी की अंतिम तारीख: 9 अक्टूबर
- मतदान: 16 अक्टूबर, सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक
- मतगणना: 16 अक्टूबर, शाम 5 बजे से
