Azamgarh Murder Case: पूजा को लेकर खुनी विवाद, पत्नी और दो पुजारियों की हत्या! 3 बच्चों को लेकर घर में हुआ बंद; वहां एक और बेटे की कर दी हत्या, 8 घंटे बाद आरोपी एनकाउंटर में ढेर

Azamgarh Murder Case: पूजा को लेकर खुनी विवाद, पत्नी और दो पुजारियों की हत्या! 3 बच्चों को लेकर घर में हुआ बंद; वहां एक और बेटे की कर दी हत्या, 8 घंटे बाद आरोपी एनकाउंटर में ढेर

आजमगढ़, 23 सितंबर। Azamgarh Murder Case: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पूजा-पाठ को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में खूनी वारदात में बदल गया। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गहजी गांव में अरविंद सिंह ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और पूजा कराने आए दो पुजारियों की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह अपने तीन बच्चों को लेकर घर के एक कमरे में बंद हो गया। करीब 8 घंटे तक चले पुलिस ऑपरेशन के बाद आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई।

पूजा को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस और स्थानीय लोगों से सामने आई शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शंभूपुर गहजी निवासी अरविंद सिंह की मां शमला देवी और पत्नी बबीता घर में शांति के लिए पूजा कराना चाह रही थीं। अरविंद इसका विरोध कर रहा था। इसे लेकर कई दिनों से घर में विवाद चल रहा था। इसी बीच अरविंद किसी काम से बाहर चला गया। मौका देखकर पत्नी ने घर में पांच दिवसीय पूजा शुरू करा दी। मंगलवार को पूजा का चौथा दिन था, इसी दौरान शाम करीब छह बजे अरविंद वापस घर लौट आया।

पूजा-पाठ होते देखकर वह भड़क गया और पूजा करा रहे 60 वर्षीय महेंद्र पाठक, 50 वर्षीय अखिलेश मिश्रा और उनके 20 वर्षीय पुत्र हिमांशु मिश्रा को गालियां देने लगा। पत्नी बबीता और मां शमला देवी ने उसे समझाने का प्रयास किया। अरविंद ने पुरोहितों को ढोंगी बताते हुए आधार कार्ड मांगने लगा, पुरोहित इसका विरोध करते हुए अरविंद को भला बुरा कहने लगे।

आरोप है कि इसके बाद अरविंद पत्नी से मारपीट करने लगा। इस दौरान पूजा करा रहे पुरोहितों ने मोबाइल से इसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। मोबाइल से वीडियो बनाते देखकर अरविंद घर में रखी लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल लाया। उसने पहले पत्नी बबीता को गोली मारी। इसके बाद महेंद्र पाठक और अखिलेश मिश्रा को भी गोली मार दी। अरविंद किसी और पर गोली चलाता, इससे पहले हिमांशु शोर मचाते हुए घर से बाहर भाग निकला।

पूजा में बैठी उसकी 22 वर्षीय भतीजी वर्षा सिंह, 17 वर्षीय रिया और मां शमला देवी भी मौका पाकर बाहर निकल गईं। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। इसके बाद अरविंद अपने बच्चों को लेकर एक कमरे में चला गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर दी। देर शाम तक आरोपित बच्चों के साथ कमरे के अंदर था और पुलिस उसे बाहर निकालने का प्रयास कर रही थी। बच्चों के कमरे में होने के कारण पुलिस अधिकारी बेहद सावधानी से कार्रवाई कर रहे थे।

तीन बच्चों को लेकर कमरे में हुआ बंद

तीन लोगों की हत्या के बाद आरोपी अपने 8 वर्षीय पुत्र शौर्य, 9 वर्षीय पुत्री परी और 6 माह की बच्ची को लेकर मकान के एक कमरे में बंद हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मकान को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस की सबसे बड़ी चुनौती बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना थी। अधिकारी कई घंटे तक आरोपी से बातचीत कर उसे आत्मसमर्पण के लिए समझाते रहे। करीब सात घंटे तक मान-मनौव्वल के बावजूद वह बाहर आने के लिए तैयार नहीं हुआ।

कई घंटे तक चले ऑपरेशन के बीच अचानक घर के अंदर से फायरिंग की आवाज आई। पुलिस को आशंका हुई कि बच्चों की जान को तत्काल खतरा है। इसके बाद पुलिस ने ऑपरेशन तेज किया। रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिस ने घर में प्रवेश के लिए स्टन ग्रेनेड और टियर गैस का इस्तेमाल किया। इसके बाद दरवाजा तोड़कर पुलिस टीम अंदर दाखिल हुई।

पुलिस पर भी फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल

वाराणसी जोन के एडीजी नवीन अरोड़ा के मुताबिक, पुलिस टीम के अंदर पहुंचने पर आरोपी ने फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अरविंद सिंह घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई।

एक बच्चे को लगी गोली, इलाज के दौरान मौत

पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान आरोपी के एक बच्चे को गोली लगी। घायल बच्चे को अस्पताल भेजा गया, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य बच्चों को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला। बाद की रिपोर्टों में घायल बच्चे की भी इलाज के दौरान मौत की जानकारी सामने आई है।

पूजा के विवाद से शुरू हुआ मामला कुछ ही घंटों में हत्या, बच्चों को कमरे में बंद करने और पुलिस ऑपरेशन तक पहुंच गया। पुलिस ने पहले बातचीत के जरिए स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन घर के अंदर से फायरिंग के बाद कार्रवाई करनी पड़ी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पूजा को लेकर विवाद की पूरी वजह भी जांच का विषय है।

About The Author

जुर्म