रायपुर, 03 अक्टूबर। Karmveer Singh Raipur Visit: छत्तीसगढ़ भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह आज, 3 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगे। संगठन महामंत्री की नई जिम्मेदारी संभालने के बाद राजधानी में यह उनका पहला बड़ा संगठनात्मक दौरा है। उनके साथ निवर्तमान संगठन महामंत्री पवन साय भी मौजूद रहेंगे।
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में कल अहम बैठक
कर्मवीर सिंह के रायपुर पहुंचने के बाद रविवार, 4 अक्टूबर को सुबह 11 बजे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा की संगठनात्मक बैठक होगी। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ सभी जिलाध्यक्ष और संभाग प्रभारी शामिल होंगे। पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों और गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर चर्चा होने की जानकारी है।
पवन साय भी रहेंगे मौजूद
इस बैठक में निवर्तमान संगठन महामंत्री पवन साय की मौजूदगी भी रहेगी। भाजपा ने 24 सितंबर को संगठनात्मक फेरबदल करते हुए कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ और पवन साय को झारखंड की जिम्मेदारी दी थी।
सेवा संकल्प अभियान की भी होगी समीक्षा
बैठक में भाजपा के मौजूदा कार्यक्रमों, संगठनात्मक गतिविधियों और सेवा संकल्प अभियान से जुड़े कार्यों की समीक्षा की जा सकती है। नए संगठन महामंत्री के रायपुर पहुंचने के बाद होने वाली यह बैठक प्रदेश संगठन के आगामी कार्यक्रमों और समन्वय के लिहाज से महत्वपूर्ण होगी।
कर्मवीर सिंह को 24 सितंबर को मिली छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी
भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने 24 सितंबर को कई राज्यों में संगठनात्मक बदलाव किए थे। इसी क्रम में झारखंड में संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया। वहीं, लंबे समय से छत्तीसगढ़ संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे पवन साय को झारखंड भेजा गया।

