CG News : द्वीप्ति योजना से 801 महिलाएं बनेंगी ‘सोलर दीदी’, 19 महिला संगठन बने सोलर वेंडर

CG News : द्वीप्ति योजना से 801 महिलाएं बनेंगी ‘सोलर दीदी’, 19 महिला संगठन बने सोलर वेंडर

रायपुर, 28 अक्टूबर 2026। CG News : छत्तीसगढ़ में ग्रामीण महिलाओं को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए द्वीप्ति योजना के तहत पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित इस योजना के अंतर्गत अब तक प्रदेश की 801 महिलाओं को ‘सोलर दीदी’ के रूप में चिन्हांकित किया गया है। वहीं, 19 महिला संकुल स्तरीय संगठनों का सोलर वेंडर के रूप में पंजीयन हुआ है। प्रदेश में 94 सोलर सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि 415 सोलर स्थापना के प्रकरण प्रक्रियाधीन हैं।

सौर ऊर्जा से जुड़कर महिलाएं बनेंगी उद्यमी

द्वीप्ति योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वच्छ ऊर्जा और अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराना है। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़ी महिलाओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के साथ जोड़कर सोलर दीदी के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसके तहत महिलाएं केवल योजना की हितग्राही नहीं, बल्कि सोलर वेंडर, तकनीशियन और उद्यमी के रूप में भी अपनी भूमिका निभा सकेंगी।

19 महिला संगठन बने सोलर वेंडर

योजना के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों के संकुल स्तरीय संगठनों को अधिकृत सोलर वेंडर के रूप में पंजीकृत किया जा रहा है। इन संगठनों को सोलर सिस्टम की स्थापना, संचालन और रखरखाव जैसी गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में काम हो रहा है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तकनीकी सहयोगी संस्था ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया के साथ मिलकर इस पहल को आगे बढ़ा रहा है।

कबीरधाम में महिलाओं ने संभाली तकनीकी जिम्मेदारी

कबीरधाम जिले में इस योजना के शुरुआती क्रियान्वयन के दौरान कवर्धा के वंदेमातरम् महिला संकुल स्तरीय संगठन को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर वेंडर के रूप में पंजीकृत किया गया है। यहां स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को प्रशिक्षण देकर सोलर दीदी बनाया जा रहा है। ग्राम समनापुर में शुरुआती रूफटॉप सोलर सिस्टम भी स्थापित किया गया है।

योजना के तहत सोलर पैनल स्थापना से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने वाली महिलाओं को प्रत्येक स्थापना पर 500 से 1,000 रुपये तक आय होने का अनुमान है। इससे महिलाओं के लिए स्थानीय स्तर पर अतिरिक्त आमदनी के अवसर विकसित किए जा रहे हैं।

प्रशिक्षण, तकनीकी जानकारी और वित्तीय सहायता पर जोर

सोलर दीदियों को हितग्राहियों के पंजीयन, सौर ऊर्जा के लाभ, सोलर सिस्टम स्थापना, बुनियादी तकनीकी जानकारी और रखरखाव से जुड़े कार्यों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वे ग्रामीण परिवारों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की सब्सिडी, बिजली बिल में संभावित बचत और सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी देंगी।

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड और जिला प्रशासन के सहयोग से महिला संगठनों का पंजीयन एवं तकनीकी क्षमता विकास किया जा रहा है। बिहान मिशन के माध्यम से हितग्राहियों को वित्तीय सहायता और बैंक ऋण की प्रक्रिया में सहयोग देने की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है।

द्वीप्ति योजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के लिए तकनीक आधारित रोजगार के अवसर बढ़ाने और गांवों में स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है।

About The Author

छत्तीसगढ