रायपुर, 29 अक्टूबर 2026। CG Ministry Transfer : छत्तीसगढ़ में दिवाली से पहले मंत्रालय के तीन अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, एक उप सचिव और दो अवर सचिव स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फेरबदल में विभागों के अतिरिक्त प्रभार और पदस्थापना में बदलाव किया गया है।
श्रीकांत वर्मा को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार
राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्रीकांत वर्मा वर्तमान में खनिज साधन विभाग में उप सचिव के पद पर पदस्थ हैं। उनके पास उच्च शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी था। नए आदेश के अनुसार, उन्हें उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करते हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उनका क्षेत्र प्रभार पहले की तरह यथावत रहेगा।
के. पी. दीवानगन की गृह विभाग में पदस्थापना
अवर सचिव के. पी. दीवानगन, जो सामान्य प्रशासन विभाग के पूल में पदस्थ थे, उन्हें अब गृह विभाग में नई पदस्थापना दी गई है। इस बदलाव के साथ उनकी विभागीय जिम्मेदारी में परिवर्तन किया गया है।
संध्या राजपूत को खाद्य विभाग का अतिरिक्त प्रभार
अवर सचिव संध्या राजपूत वर्तमान में योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में पदस्थ हैं। आदेश के मुताबिक, उन्हें अपने मौजूदा कार्यों के साथ खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के बाद मंत्रालय में इन तीन अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव लागू होगा।


