रायपुर, 01 नवंबर। Chhattisgarh Tax Transfer: दिवाली से पहले केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को बड़ी आर्थिक सौगात दी है। केंद्र ने राज्यों को टैक्स डिवोल्यूशन (कर हस्तांतरण) की अग्रिम किस्त जारी की है। इसके तहत छत्तीसगढ़ को 3,602 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इस राशि से प्रदेश में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने केंद्र सरकार के इस फैसले पर प्रसन्नता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया है।
ओपी चौधरी बोले- विकास कार्यों को मिलेगी नई गति
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने दिवाली के पवित्र त्योहार से पहले अन्य राज्यों के साथ छत्तीसगढ़ को भी कर हस्तांतरण की अग्रिम किस्त जारी की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को मिली 3,602 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण राशि से प्रदेश में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को नई गति मिलेगी। ओपी चौधरी ने इस निर्णय के लिए समस्त प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
क्या है टैक्स डिवोल्यूशन?
टैक्स डिवोल्यूशन केंद्र सरकार द्वारा वसूल किए गए केंद्रीय करों में राज्यों को मिलने वाला हिस्सा है। वित्त आयोग की सिफारिशों के आधार पर राज्यों को यह राशि दी जाती है। इससे राज्य सरकारों को विकास कार्यों, बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए वित्तीय संसाधन उपलब्ध होते हैं।

