रायपुर, 5 नवंबर 2026। Patwari Protest 2026 : छत्तीसगढ़ में अपनी मांगों को लेकर 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे पटवारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन ने आंदोलनकारी पटवारियों को अंतिम चेतावनी देते हुए 48 घंटे के भीतर काम पर लौटने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही कई जिलों में पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। आदेश का पालन नहीं करने पर एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
कई जिलों में पटवारियों को नोटिस जारी
बिलासपुर, सरगुजा, सूरजपुर, जशपुर, बलरामपुर, कोरिया, एमसीबी, धमतरी और बालोद सहित कई जिलों में एसडीएम ने आंदोलनकारी पटवारियों को नोटिस जारी किए हैं। निर्देश के मुताबिक, पटवारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने हल्का मुख्यालय में उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करना होगा। ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।
‘ब्रेक इन सर्विस’ घोषित करने की चेतावनी
जिला प्रशासन ने बिना अनुमति हड़ताल पर जाने को सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 का उल्लंघन बताया है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि अनुपस्थिति की अवधि को सेवा में व्यवधान यानी ‘ब्रेक इन सर्विस’ घोषित किया जा सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में काम पर नहीं लौटने वाले पटवारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
धान खरीदी और किसान पंजीयन का काम प्रभावित
पटवारियों की हड़ताल का असर राजस्व संबंधी कामकाज पर पड़ रहा है। आगामी धान खरीदी से पहले किसान पंजीयन, एग्रीस्टैक प्रमाणीकरण, डिजिटल फसल सर्वे और गिरदावरी जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा चक्रवाती तूफान से फसलों को हुए नुकसान का आकलन भी अटका हुआ है। इससे प्रभावित किसानों को मुआवजा मिलने में देरी की आशंका है।
आम लोगों को भी हो रही परेशानी
हड़ताल के चलते तहसील कार्यालयों में नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे राजस्व कार्य प्रभावित हैं। जाति, आय और निवास प्रमाणपत्र से जुड़े कामों के लिए भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। धान खरीदी की तैयारियों पर भी इसका असर पड़ रहा है।
अल्टीमेटम के बाद भी हड़ताल जारी रखने पर अड़ा संघ
प्रशासन की चेतावनी के बावजूद पटवारी संघ ने आंदोलन समाप्त करने से इनकार कर दिया है। संघ के सदस्यों ने अलग-अलग स्थानों पर शासन के आदेशों की प्रतियां जलाकर विरोध जताया। प्रदेश अध्यक्ष भागवत प्रसाद कश्यप ने कहा कि पटवारियों की मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा और शासन की कार्रवाई से संघ पीछे नहीं हटेगा।

