रायपुर, 17 नवंबर 2026। Bastar Bharat Parv 2026 : छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग की समृद्ध लोकसंस्कृति और विकास की बदलती तस्वीर ने गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव ‘भारत पर्व 2026’ में देशभर के लोगों का ध्यान आकर्षित किया। 1 से 15 नवंबर तक स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित इस महोत्सव में बस्तर के कलाकारों ने अपनी लोककला और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए क्षेत्र की संस्कृति के साथ नक्सलवाद से विकास की ओर बढ़ते बस्तर की कहानी राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत की। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और गुजरात पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और अनेक गणमान्य अतिथि शामिल हुए।
75 कलाकारों ने लोककला और आधुनिक नाट्य मंचन से बांधा समां
कोंडागांव जिले के केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम बींजे और धनोरा के ‘बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप’ के 75 कलाकारों ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के कलाकारों के साथ मिलकर स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक लोककला और आधुनिक नाट्य मंचन का अनूठा संगम पेश किया। इस प्रस्तुति को तैयार करने में लोक गायक सिद्धार्थ महाजन, तिलकराम दुग्गा और भूपेंद्र साहू का विशेष सहयोग रहा। देशभर से पहुंचे लगभग 5,000 कलाकारों की सहभागिता वाले इस आयोजन में बस्तर के कलाकारों की प्रस्तुति प्रमुख आकर्षण बनी।
नाट्य मंचन में दिखाई बस्तर के बदलाव की कहानी
कार्यक्रम का सबसे प्रभावशाली हिस्सा ‘नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजास’ तक बस्तर की यात्रा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति रही। कलाकारों ने मंचन के माध्यम से दिखाया कि किस तरह क्षेत्र नक्सलवाद की चुनौतियों से आगे बढ़ते हुए विकास की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। प्रस्तुति में गांवों तक सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और कॉलेज जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को दर्शाया गया। इसके साथ ही आदिवासी समुदाय के जीवन में शांति, खुशहाली और नई उम्मीदों के संचार की तस्वीर भी जीवंत रूप में प्रस्तुत की गई।
मांदरी नृत्य और बांस शिल्प ने भी खींचा ध्यान
बस्तर की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत ने भी भारत पर्व में अपनी विशेष पहचान बनाई। मांदर, ढोल और झांझ जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर कलाकारों ने मांदरी लोकनृत्य प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित बस्तर के पारंपरिक बांस शिल्प और हस्तकला ने भी देशभर से पहुंचे लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उत्सव के मुख्य थीम पवेलियन में 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित की गई थी।
राष्ट्रीय मंच पर बस्तर की संस्कृति और विकास को मिली पहचान
‘भारत पर्व 2026’ में बस्तर के कलाकारों की सहभागिता ने देशभर के दर्शकों को क्षेत्र की लोकसंस्कृति, परंपराओं और कला से परिचित कराया। लोकनृत्य, हस्तशिल्प और नाट्य मंचन के माध्यम से कलाकारों ने बस्तर की बदलती पहचान को सामने रखा। इस प्रस्तुति में हिंसा की चुनौतियों से आगे बढ़कर शांति, विकास और आत्मविश्वास के साथ नई राह पर बढ़ते बस्तर की तस्वीर दिखाई गई।

