दिल्ली चुनाव परिणाम के बाद शैलेश नितिन त्रिवेदी ने दी अपनी प्रतिक्रिया, कहा- ध्रुवीकरण का लाभ ‘आप’ पार्टी को मिला

रायपुर। दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणामों पर प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि ध्रुवीकरण का लाभ आम आदमी पार्टी को मिला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में सांप्रदायिकता और नफरत की राजनीति को जनता ने सिरे से खारिज किया है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार की समीक्षा करेगी।
शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि 135 वर्ष के इतिहास में कांग्रेस पार्टी ने कई बार विपरीत परिस्थितियों का सामना किया है। हर विपरीत परिस्थिति से कांग्रेस पार्टी और मजबूत होकर उभरी है। कांग्रेस एक जीवंत पार्टी है। 1885 से लेकर आज तक 135 वर्ष के इतिहास में कांग्रेस ने अनेक चुनौतियों का सामना किया। दिल्ली की हार की पार्टी में समीक्षा की जाएगी। त्रिवेदी ने कहा कि आम लोगों ने भाजपा को हराने के लिए वोट किया, इसलिए आम आदमी पार्टी वहां बेहतर स्थिति में दिख रही है। उनकी सरकार थी इसलिए ध्रुवीकरण का लाभ आप को मिला। त्रिवेदी ने आरोप लगाया है कि सीएए और एनआरसी को भाजपा ने दिल्ली चुनाव में मुद्दा बनाया था। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के लिये क्या-क्या नहीं किया। 30 जनवरी को राजघाट जा रहे जामिया मीडिया के प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलायी गई। दिल्ली में दूसरा गोली शाहीनबाग के प्रदर्शनकारियों पर हुआ। गोली चालन पुलिस ने नहीं किया। ये गोली चालन सांप्रदायिकता में अंधे हो चुके नौजवानों ने किया। इसी तरह सीएए के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के गार्गी कॉलेज में घुसकर छात्राओं के साथ दुव्र्यवहार किया। त्रिवेदी ने कहा कि सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की कोशिशों के खिलाफ जो ध्रुवीकरण हुआ वो आम आदमी पार्टी के पक्ष में चला गया। इसलिए आप दिल्ली में सरकार बनाने में सफल होती दिख रही है।