रायपुर, 01 जनवरी। Steel Industry : फ्लैट स्टील उत्पादों पर सेफगार्ड ड्यूटी लगाए जाने के केंद्र सरकार के फैसले का इंडियन स्टील एसोसिएशन (ISA) के प्रेसिडेंट नवीन जिन्दल ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे घरेलू स्टील उद्योग के हित में लिया गया एक सोच-समझकर और संतुलित कदम बताया।
नवीन जिन्दल ने कहा कि सेफगार्ड ड्यूटी का उद्देश्य घरेलू स्टील बाज़ार को स्थिर बनाए रखना है, ताकि उपभोक्ताओं और देश की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को स्टील की निरंतर और भरोसेमंद आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में वैश्विक स्तर पर स्टील उद्योग कमजोर मांग और अतिरिक्त उत्पादन की चुनौती से जूझ रहा है, जबकि भारत का स्टील सेक्टर तेज़ी से प्रगति कर रहा है।
उन्होंने बताया कि देश में बढ़ती घरेलू मांग और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य के तहत इंफ्रास्ट्रक्चर में हो रहे निरंतर निवेश के कारण स्टील सेक्टर मजबूत स्थिति में है। हालांकि, इसी बढ़ती मांग का लाभ उठाकर चीन, जापान, कोरिया और वियतनाम जैसे देशों से सस्ते स्टील के आयात की कोशिशें की जा रही हैं, जिससे घरेलू उद्योग पर दबाव बढ़ रहा है।
नवीन जिन्दल के अनुसार सस्ते आयात का सीधा असर घरेलू उत्पादन क्षमता, नए निवेश और रोजगार पर पड़ता है। ऐसे में सेफगार्ड ड्यूटी अनुचित प्रतिस्पर्धा को रोकने, बाजार में संतुलन बनाए रखने और स्टील वैल्यू चेन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि मौजूदा वैश्विक आपूर्ति असंतुलन को देखते हुए सरकार आगे भी घरेलू स्टील क्षेत्र के दीर्घकालीन विकास और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए आवश्यक व्यापारिक उपायों पर विचार करती रहेगी।

