कोटा, 06 जनवरी। Stranger Thief : घरों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही कितनी खतरनाक हो सकती है, इसका एक चौंकाने वाला मामला राजस्थान के कोटा से सामने आया है। यहां चोरों ने चोरी के लिए घर में घुसने का ऐसा तरीका अपनाया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए।
जानकारी के मुताबिक, कोटा शहर में देर रात करीब 1 बजे दो चोर चोरी की नीयत से एक घर में घुसे। बताया जा रहा है कि दोनों चोर कार से मौके पर पहुंचे थे। घर में उस वक्त कोई नहीं था, इसी का फायदा उठाकर चोर अंदर दाखिल हो गए।
इसी दौरान परिवार के सदस्य अचानक घर लौट आए। घर वालों के पहुंचते ही एक चोर मौके से भागने में सफल हो गया, लेकिन दूसरा चोर रसोई में लगे एग्जॉस्ट फैन के छेद से बाहर निकलने की कोशिश में वहीं फंस गया।
परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एग्जॉस्ट फैन के छेद में फंसे चोर को बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर के एग्जॉस्ट फैन, रोशनदान और अन्य खुले छेदों को सुरक्षित तरीके से बंद रखें, ताकि इस तरह की वारदातों से बचा जा सके। चोर को मकान मालिक ने सोसाइटी के लोगों की मदद से पुलिस को पकड़वाया, चोर एक घंटे की मशक्कत करके होल से बाहर निकाला। मकान मालिक सुभाष अहीर की रिपोर्ट पर बोरखेडा थाना पुलिस ने चोर को गिरफ्तार (Stranger Thief) किया।

