वैशाली/बिहार, 10 जनवरी। Caring Husband : उसने न तो मर्डर किया, न ही लाश को ड्रम में भरा, और न ही उसके टुकड़े किए; बल्कि, उसने अपनी पत्नी, जो उसके तीन बच्चों की मां थी, की शादी उसके बॉयफ्रेंड से करवा दी। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती; समझदार और दयालु पति ने अपने बच्चों को पालने की ज़िम्मेदारी भी ली। समाज की रूढ़ियों और परंपराओं के बीच यह अजीबोगरीब मामला बिहार के वैशाली जिले से आया है।
अपने ही फुफेरे भाई से प्रेम है संबंध
दरअसल, 3 बच्चों की मां रानी कुमारी ने अपने ही फुफेरे भाई गोविंद कुमार से प्रेम संबंध के चलते अपने पति और बच्चों को छोड़कर कोर्ट मैरिज कर ली। हैरानी की बात यह है कि रानी के पहले पति कुंदन कुमार ने भी खुशी-खुशी गवाह बनकर अपनी ही पत्नी को विदा किया और बच्चों की जिम्मेदारी स्वयं संभालने का निर्णय लिया।
रानी की पहली शादी 2011 में जंदाहा निवासी कुंदन कुमार से हुई थी। यह शादी भी कोर्ट मैरिज के जरिए हुई थी। शादी के बाद उनके तीनों बच्चे अपने पिता के साथ रहेंगे। कुंदन कुमार ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) चला रहे हैं और उन्होंने बच्चों की देखभाल का जिम्मा उठाया है।
जानकारी के अनुसार, रानी और उनके फुफेरे भाई गोविंद कुमार के बीच लगभग 5 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रानी पहले अपने पति के पास वापस लौट चुकी थीं, लेकिन डेढ़ महीने पहले फिर से गोविंद कुमार के पास रहने चली गईं।
वकील प्रमोद कुमार ने बताया कि यह मामला सामाजिक दृष्टि से असामान्य और विवादास्पद है। उन्होंने कहा कि कुंदन कुमार ने सभी बातें भुलाकर बच्चों की जिम्मेदारी अपने कंधों पर लेते हुए रानी को उसकी मर्जी से शादी करने की अनुमति दी।
यह मामला सामाजिक और कानूनी दृष्टि से चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां पिता की समझदारी, महिला की मर्जी और प्रेम संबंधों की जटिलता सभी पर सवाल उठाते हैं।

