गाजियाबाद, 01 फरवरी। Elder Abuse : गाजियाबाद जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के संजय नगर सेक्टर-23 स्थित जागृति विहार में एक 44 वर्षीय बेटे ने अपनी 70 साल की बीमार मां के साथ बेरहमी से मारपीट की। यह पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है।
डेढ़ मिनट में मां पर नौ बार हुआ हमलावर
डेढ़ मिनट के वीडियो में आरोपित निशांत अपनी मां पर कई बार थप्पड़ बरसाते हुए दिखा है। तीन बार उसने अपनी मां के बाल पकड़कर खींचे और एक बार जोर से लात भी मारी है।
CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी बेटा पहले मां के पास बैठता है, फिर अचानक थप्पड़ मारना शुरू कर देता है। करीब 30 सेकेंड तक वह उनका गला दबाए रखता है और बाद में घूंसे मारता है। इतना ही नहीं, मां की दवाइयों को भी जमीन पर पटक देता है।
आरोपी की पहचान निशांत ठाकुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी बहन निशा अमेरिका में रहती है और मां की हालत को देखते हुए उसी ने कमरे में CCTV कैमरा लगवाया था। घटना के वक्त निशा ने लाइव फुटेज देखी और तुरंत रिश्तेदारों व सोसाइटी के लोगों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर मधुबन बापूधाम थाने ले गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पत्नी से तलाक का मामला अदालत में विचाराधीन
जानकारी के मुताबिक निशांत राघव विवाहित है और उसके चार बच्चे हैं। उसकी पत्नी से तलाक का मामला पिछले ढाई साल से अदालत में विचाराधीन है। नशे की लत और घरेलू कलह के कारण पत्नी उससे अलग रह रही है। बताया गया है कि निशांत करीब तीन महीने पहले नोएडा स्थित एक नशामुक्ति केंद्र से इलाज कराकर लौटा था।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग स्तब्ध हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

