नई दिल्ली, 01 फरवरी। Budget Day : बीते सप्ताह सोना-चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली थी और अब बजट वाले दिन भी कीमती धातुओं ने निवेशकों को निराश किया है। शेयर बाजार के साथ-साथ कमोडिटी मार्केट MCX पर रविवार को भी ट्रेडिंग शुरू होते ही गोल्ड-सिल्वर एक बार फिर क्रैश हो गए।
ओपनिंग के साथ ही चांदी की कीमत में करीब 27,000 रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई, जबकि सोना भी 9,000 रुपये से ज्यादा सस्ता हो गया।
बजट डे पर फिर टूटी चांदी
पिछले सप्ताह गुरुवार को चांदी ने इतिहास रचते हुए पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का आंकड़ा पार किया था। MCX पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी 4,20,048 रुपये के लाइफ-टाइम हाई पर पहुंची थी। हालांकि, अगले ही कारोबारी दिन इसमें भारी गिरावट आई और भाव 1.28 लाख रुपये टूटकर 2,91,922 रुपये प्रति किलो पर आ गए।
रविवार को बजट के दिन यह गिरावट और तेज हो गई। चांदी करीब 9% यानी 27,500 रुपये से ज्यादा गिरकर 2,65,652 रुपये प्रति किलो पर आ गई।
सोना भी खुलते ही धड़ाम
सोने की कीमतों में भी बड़ा झटका देखने को मिला। गुरुवार को MCX पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला 24 कैरेट सोना 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था, लेकिन इसके बाद इसमें तेज गिरावट आई। बीते सप्ताह के अंत में सोना 42,247 रुपये टूटकर 1,50,849 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था।
रविवार को कारोबार शुरू होते ही सोने में फिर बिकवाली देखने को मिली और यह 6% से ज्यादा फिसलकर करीब 9,000 रुपये की गिरावट के साथ 1,43,205 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
पहले से जताई जा रही थी गिरावट की आशंका
इस बार बजट रविवार को पेश किया जा रहा है, जिस कारण कमोडिटी मार्केट में भी छुट्टी के दिन ट्रेडिंग हो रही है। बाजार जानकारों का मानना था कि बीते सप्ताह की तेज गिरावट से निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर हुआ है और बजट डे पर भारी बिकवाली देखने को मिल सकती है। MCX पर कारोबार शुरू होते ही यह अनुमान सही साबित हुआ।
नोट : सोना-चांदी या गोल्ड-सिल्वर ETF में निवेश से पहले बाजार विशेषज्ञों (Budget Day) की सलाह जरूर लें।

