रायपुर, 14 फरवरी। Tribute to Cobra Battalion : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धमतरी जिले में हुए सड़क हादसे में कोबरा बटालियन के वीर जवानों के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हादसा अत्यंत हृदयविदारक है और हमारे जांबाज जवानों की मृत्यु एक अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री साय ने दिवंगत जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कोबरा बटालियन के जवानों का योगदान देश की आंतरिक सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। उनकी बहादुरी और समर्पण को हम हमेशा याद करेंगे।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायल जवान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर आवश्यक सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायल जवान के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

