RDA New Township: कमल विहार के बाद आरडीए की नई टाउनशिप! 355 एकड़ में बनेगा नया शहर, 879 भू-स्वामियों को मिलेगा बड़ा फायदा; दिसंबर तक पूरा होगा प्लान,राजपत्र में अधिसूचना जारी

RDA New Township: कमल विहार के बाद आरडीए की नई टाउनशिप! 355 एकड़ में बनेगा नया शहर, 879 भू-स्वामियों को मिलेगा बड़ा फायदा; दिसंबर तक पूरा होगा प्लान,राजपत्र में अधिसूचना जारी

रायपुर, 18 अगस्त। RDA New Township: कमल विहार के बाद रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने करीब 16 साल बाद एक और बड़ी टाउनशिप योजना शुरू की है। नवा रायपुर के नजदीक पिरदा और ग्राम तुलसी की करीब 355 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित इस टाउनशिप के लिए 879 भू-स्वामियों से दावे-आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं। योजना की अधिसूचना जारी होने के बाद अब आरडीए ने आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

भू-स्वामियों को मिलेगी 40% विकसित जमीन

आरडीए के सीईओ अवनीश शरण ने बताया कि पिरदा और तुलसी में प्रस्तावित टाउनशिप की अधिसूचना जारी कर दी गई है। दोनों गांवों के भू-स्वामियों से दावे-आपत्तियां मंगाई गई हैं। योजना में भू-स्वामियों को 40 प्रतिशत विकसित जमीन वापस देने का प्रावधान रखा गया है। आरडीए ने पूरी प्रक्रिया दिसंबर 2026 तक पूरी करने का लक्ष्य तय किया है।

कमल विहार की कमियों से लिया सबक

यह कमल विहार के बाद आरडीए की दूसरी बड़ी टाउनशिप योजना होगी। अधिकारियों के मुताबिक, नई योजना तैयार करते समय कमल विहार के क्रियान्वयन में सामने आई समस्याओं और कमियों को ध्यान में रखा गया है। पिरदा और तुलसी की चिह्नित जमीन पर नियोजित विकास के बाद भू-स्वामियों को विकसित भूमि का हिस्सा लौटाया जाएगा।

सड़क, नाली, सीवरेज और पार्क समेत मिलेंगी सुविधाएं

प्रस्तावित टाउनशिप में सड़क, नाली, जलापूर्ति, सीवरेज, बिजली, पार्क और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। आवासीय और व्यावसायिक उपयोग के लिए अलग-अलग जमीन का नियोजन किया जाएगा। योजना में निजी निवेशकों की भागीदारी का भी प्रावधान रखा गया है।

400 करोड़ के कर्ज से उबर चुका है आरडीए

गौरतलब है कि आरडीए की पिछली बड़ी टाउनशिप योजना कमल विहार के क्रियान्वयन के दौरान कई चुनौतियां सामने आई थीं। योजना के कारण आरडीए पर भारी वित्तीय दबाव आया था और करीब 400 करोड़ रुपये के कर्ज की स्थिति बनी थी। हालांकि अब आरडीए इस कर्ज से उबर चुका है।

दिसंबर तक पूरी होगी प्रक्रिया

नई पिरदा-तुलसी टाउनशिप में आरडीए का फोकस जमीन के नियोजन, अधोसंरचना विकास और भू-स्वामियों को विकसित जमीन लौटाने की प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने पर है। अधिकारियों के अनुसार योजना से जुड़ी पूरी प्रक्रिया दिसंबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

About The Author

छत्तीसगढ ब्रेकिंग न्यूज़