रायपुर, 20 फरवरी। AIIMS Raipur : राजधानी रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल की तीसरी मंजिल से गिरने के कारण एक मरीज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान करण नायक बंजारा के रूप में हुई है। वह एम्स अस्पताल के बी ब्लॉक स्थित बी4 वार्ड में भर्ती था। जानकारी के अनुसार, वह रक्त संबंधी बीमारी के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती था।
बताया जा रहा है कि मरीज तीसरी मंजिल से गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इसे संदिग्ध मौत मानकर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही आमानाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ से पूछताछ कर रही है तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

