IPS Officer Wedding : दो आईपीएस अफसर जल्द बनेंगे जीवनसाथी…! 30 मार्च को जोधपुर में होगी शादी

IPS Officer Wedding : दो आईपीएस अफसर जल्द बनेंगे जीवनसाथी…! 30 मार्च को जोधपुर में होगी शादी

बरेली, 07 मार्च। IPS Officer Wedding : उत्तर प्रदेश पुलिस के दो युवा आईपीएस अधिकारी जल्द ही विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं। संभल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण कुमार बिश्नोई और बरेली की पुलिस अधीक्षक अंशिका वर्मा 30 मार्च को शादी करेंगे। दोनों परिवारों ने विवाह की तैयारियां शुरू कर दी हैं और समारोह राजस्थान के जोधपुर में आयोजित होगा।

जानकारी के अनुसार, शादी का आयोजन जोधपुर के लारिया रिजॉर्ट में होगा। दोनों परिवारों की ओर से विवाह के निमंत्रण पत्र भी छप चुके हैं और मेहमानों को भेजे जा रहे हैं। इस शादी को लेकर पुलिस महकमे और प्रशासनिक हलकों में भी उत्साह का माहौल है।

तय कार्यक्रम के मुताबिक, 29 मार्च को हल्दी की रस्म होगी और 30 मार्च को जोधपुर में सात फेरे लेकर दोनों विवाह बंधन में बंधेंगे। शादी समारोह में दोनों परिवारों के साथ रिश्तेदार, मित्र और कई वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भी शामिल होंगे।

कौन हैं दोनों आईपीएस अधिकारी

अंशिका वर्मा वर्ष 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में बरेली में एसपी के पद पर पदस्थ हैं। वहीं कृष्ण कुमार बिश्नोई 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और संभल के एसपी हैं। कृष्ण कुमार बिश्नोई मूल रूप से राजस्थान के बाड़मेर जिले के रहने वाले हैं, जबकि अंशिका वर्मा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की निवासी हैं।

होली पर डांस वीडियो भी हुआ था वायरल

हाल ही में होली के दौरान दोनों अधिकारियों के डांस वीडियो भी सामने आए थे। 5 मार्च को बरेली में होली समारोह के दौरान एसपी अंशिका वर्मा ‘लंदन ठुमकदा’ गाने पर डांस करती नजर आई थीं। वहीं 6 मार्च को संभल में होली कार्यक्रम के दौरान एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई भी भोजपुरी गाने पर डांस करते दिखाई दिए थे। उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि दोनों जल्द ही विवाह के बंधन में बंधने वाले हैं।

About The Author

छत्तीसगढ ब्रेकिंग न्यूज़