Student Scholarship : आठवीं के मेधावी छात्रों को बड़ी राहत…! 9वीं से 12वीं तक हर माह मिलेंगे 1000 रुपए…20 मार्च तक आवेदन…2 मई को परीक्षा…पूरा प्रोसेस यहां देखें

Student Scholarship : आठवीं के मेधावी छात्रों को बड़ी राहत…! 9वीं से 12वीं तक हर माह मिलेंगे 1000 रुपए…20 मार्च तक आवेदन…2 मई को परीक्षा…पूरा प्रोसेस यहां देखें

बिलासपुर/एजुकेशन रिपोर्टर 09 मार्च। Student Scholarship : आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय साधन सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा 2025-26 का आयोजन 2 मई को किया जाएगा। इस परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक हर माह 1000 रुपए छात्रवृत्ति दी जाएगी। इस तरह उन्हें सालाना 12 हजार रुपए मिलेंगे। छत्तीसगढ़ के लिए इस योजना के तहत 2246 विद्यार्थियों का कोटा निर्धारित किया गया है।

ड्रॉपआउट रोकने की पहल

यह योजना भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा संचालित की जा रही है। परीक्षा के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन मंगाए गए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 20 मार्च निर्धारित की गई है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य कक्षा 8वीं के बाद होने वाले ड्रॉप-आउट को रोकना और छात्रों को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।

परीक्षा दो चरणों में आयोजित होगी। पहला पेपर बौद्धिक योग्यता का होगा, जो सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक लिया जाएगा। दूसरा पेपर शैक्षिक योग्यता का होगा, जो दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। दोनों पेपर में वस्तुनिष्ठ प्रकार के 90-90 प्रश्न होंगे, जिनके लिए एक-एक अंक निर्धारित है। शैक्षिक योग्यता परीक्षा में गणित के 20 अंक, विज्ञान के 35 अंक और सामाजिक विज्ञान के 35 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे।

प्रदेश में 145 और बिलासपुर जिले में 4 परीक्षा केंद्र बनाए गए

प्रदेश के 33 जिलों में कुल 145 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बिलासपुर जिले के चार विकासखंडों में एक-एक केंद्र बनाया गया है। इनमें बिल्हा में एमएलबी कन्या बहुउद्देशीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बिलासपुर, मस्तूरी में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय मस्तूरी, तखतपुर में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय तखतपुर और कोटा में स्वामी आत्मानंद डीकेपी शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कोटा शामिल हैं।

छात्रों को आवेदन पत्र अपने अध्ययनरत विद्यालय के प्राचार्य या प्रधान पाठक से सत्यापित कर जमा करना होगा। साथ ही माता-पिता या पालक की वित्तीय वर्ष 2024-25 की आय का सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र भी अनिवार्य रूप से संलग्न करना होगा। यदि अभिभावक शासकीय या अर्द्धशासकीय कर्मचारी हैं तो उनके विभागीय अधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र जमा करना होगा। आवेदन में जाति प्रमाण पत्र का एआरएन नंबर दर्ज करना और कक्षा 7वीं की अंकसूची की प्रमाणित छायाप्रति भी लगानी होगी।

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर ने इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर अधिक से अधिक विद्यार्थियों से आवेदन भरवाने के निर्देश दिए हैं। जिला शिक्षा अधिकारियों ने भी सभी प्राचार्यों और संस्था प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

पात्रता शर्तें

इस परीक्षा में वही विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे जो शासकीय, शासकीय अनुदान प्राप्त या स्थानीय निकाय विद्यालय में सत्र 2025-26 में कक्षा 8वीं में अध्ययनरत हों और कक्षा 7वीं में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण हुए हों। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को पांच प्रतिशत की छूट दी गई है। इसके अलावा अभिभावकों की वार्षिक आय सभी स्रोतों से 3.50 लाख रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए।

दस्तावेज नहीं होने से पिछले वर्ष कई आवेदन निरस्त

पिछले वर्ष 2024-25 के परिणाम में कई परीक्षार्थी परीक्षा पास करने के बाद भी आवश्यक दस्तावेज पूरे नहीं होने के कारण चयन सूची से बाहर हो गए थे। प्रमुख कारणों में अभिभावकों की आय 3.50 लाख रुपए से अधिक होना, सक्षम अधिकारी से जारी आय या जाति प्रमाण पत्र नहीं होना, जाति प्रमाण पत्र छात्र के नाम पर नहीं होना तथा निजी या आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत होना शामिल रहा।

About The Author

छत्तीसगढ शिक्षा