CG Budget Session : विधानसभा में धान खरीदी पर हंगामा…! विपक्ष के सवालों में घिरे खाद्य मंत्री…बस्तर के किसानों से धान नहीं खरीदने का मुद्दा गरमाया…कांग्रेस का वॉकआउट

CG Budget Session : विधानसभा में धान खरीदी पर हंगामा…! विपक्ष के सवालों में घिरे खाद्य मंत्री…बस्तर के किसानों से धान नहीं खरीदने का मुद्दा गरमाया…कांग्रेस का वॉकआउट

रायपुर, 09 मार्च 2026। CG Budget Session : होली की लंबी छुट्टियों के बाद सोमवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही फिर शुरू हुई और पहले ही दिन सदन में धान खरीदी का मुद्दा जोरदार तरीके से गूंजा। बस्तर क्षेत्र में पंजीकृत किसानों का धान नहीं खरीदे जाने को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरते हुए तीखे सवाल उठाए। बहस के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर नोकझोंक हुई, जिसके बाद कांग्रेस विधायकों ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सदन से बहिर्गमन कर दिया।

कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल ने बस्तर में किसानों से धान खरीदी नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा। इस पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि प्रदेश में 44,612 किसान धान बेचने के लिए खरीदी केंद्रों तक आए ही नहीं, इसलिए उनका धान नहीं खरीदा जा सका।

मंत्री के इस जवाब से असंतुष्ट विपक्षी विधायकों ने धान खरीदी में गड़बड़ी और किसानों से जबरन रकबा समर्पण कराने का आरोप लगाया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंत्री से पूछा कि कितने किसानों से रकबा समर्पण कराया गया और कितने किसानों से यह जबरन कराया गया।

विपक्ष ने बताया रटारटाया जवाब

विपक्षी विधायकों का आरोप था कि मंत्री हर सवाल के जवाब में एक ही बात दोहरा रहे हैं कि जो किसान धान लेकर खरीदी केंद्र पहुंचे, उनका धान खरीदा गया और जिन किसानों के धान नहीं खरीदे गए वे समितियों में पहुंचे ही नहीं।

कवासी लखमा ने सरकार को घेरा

कोंटा विधायक कवासी लखमा ने भी सरकार पर तीखे सवाल दागे। उन्होंने कहा कि बस्तर आदिवासी बहुल क्षेत्र है और प्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री होने के बावजूद आदिवासी किसानों का धान नहीं खरीदा गया। उन्होंने कहा कि कई किसानों ने कर्ज लेकर खेती की है, बेटियों की शादी करनी है और घर बनाने की जरूरत है, लेकिन धान नहीं बिकने से वे आर्थिक संकट में हैं।

लखमा ने कहा कि पांच जिलों में करीब 32,200 किसानों का धान नहीं खरीदा गया। पंजीयन और टोकन जारी होने के बावजूद किसानों का धान नहीं लिया गया, जबकि गिरदावरी की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी थी।

धान खरीदेंगे या कर्ज माफ करेंगे?

विधायक लखमा ने सरकार से पूछा कि जिन किसानों का धान नहीं खरीदा गया है, उनका धान सरकार खरीदेगी या फिर उनका कर्ज माफ किया जाएगा। उन्होंने सवाल किया कि जिन किसानों पर कर्ज है, उसका भुगतान सरकार करेगी या नहीं।

इस पर मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि प्रदेश में पिछले साल की तुलना में इस बार दोगुना और कुछ जिलों में तीन गुना तक धान खरीदी की गई है। धान खरीदी के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन से बहिर्गमन कर दिया।

About The Author

छत्तीसगढ