आबू रोड, 12 मार्च। Dadi Hriday Mohini Shradhanjali : राजस्थान के आबू रोड में ब्रह्माकुमारीज संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी हृदयमोहिनी की 5वीं पुण्यतिथि पर विशाल श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की शुरुआत दादी की समाधि स्थल अव्यक्त लोक पर प्रातःकालीन ध्यान साधना से हुई। इसके बाद संस्थान की मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी मोहिनी दीदी, अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका बीके मुन्नी दीदी, बीके जयन्ति दीदी, महासचिव बीके करुणा, अतिरिक्त महासचिव बीके मृत्युंजय तथा ओआरसी की निदेशिका बीके आशा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
दादी का जीवन प्रेरणास्रोत

डायमंड हॉल में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए राजयोगिनी मोहिनी दीदी ने कहा कि दादी हृदयमोहिनी का जीवन सदैव मानवता की सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने मन, वचन और कर्म से हमेशा लोगों के कल्याण के लिए कार्य किया और उनके संकल्पों में आमजन के लिए करुणा का भाव स्पष्ट दिखाई देता था।
इस अवसर पर बीके मुन्नी दीदी ने कहा कि दादी के साथ रहने का सौभाग्य मिला और उनके हर कदम से सीखने को मिला। उनके चेहरे की रुहानियत और प्रेम का भाव लोगों को सहज ही अपनी ओर आकर्षित करता था।

वहीं बीके जयन्ति दीदी और बीके करुणा भाई ने कहा कि दादी बचपन से ही मानवता की सेवा के भाव से प्रेरित थीं और उन्होंने अल्प आयु में ही अपना पूरा जीवन सेवा कार्यों के लिए समर्पित कर दिया।
हजारों श्रद्धालुओं ने दी पुष्पांजलि
कार्यक्रम के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने क्रमबद्ध होकर दादी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही उनके कमरे और मेडिटेशन कक्ष में ध्यान साधना कर श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।


