चित्तूर/आंध्र प्रदेश, 15 मार्च। Carbon Monoxide : पुंगनूर कस्बे में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर के अंदर बाइक का इंजन चालू छोड़ने से निकली जहरीली गैस की वजह से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं।
घटना त्यागराजू स्ट्रीट इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक परिवार के मुखिया ने हाल ही में अपनी बाइक का इंजन बोर करवाया था। मैकेनिक ने नए पार्ट्स को ठीक से सेट करने के लिए कुछ समय तक बाइक चलाने की सलाह दी थी। इसी के चलते उसने बाइक को घर के अंदर खड़ा कर इंजन चालू छोड़ दिया।
रात के समय ठंड ज्यादा होने के कारण परिवार ने घर के दरवाजे और खिड़कियां बंद कर दी थीं। इसी दौरान बाइक से निकलने वाला धुआं और जहरीली गैस कमरे में भरती चली गई। शायद उन्हें ज़रा भी अंदाज़ा नहीं था कि घर के अंदर खड़ी बाइक का चालू इंजन धीरे-धीरे एक खतरनाक गैस छोड़ रहा था और कुछ ही देर में पूरा घर दमघोंटू वातावरण से भर गया।

शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा को करता है कम
विशेषज्ञों के अनुसार बाइक के धुएं में मौजूद कार्बन मोनोऑक्साइड गैस रंगहीन, गंधहीन और स्वादहीन होती है। यह शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा कम कर देती है, जिससे व्यक्ति बेहोश हो सकता है और उसकी सांसें रुक सकती हैं।
सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला और कोई सदस्य बाहर नहीं आया तो पड़ोसियों को शक हुआ। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। परिवार के चारों सदस्य अचेत अवस्था में पड़े थे और घर के अंदर दमघोंटू माहौल था। तुरंत मेडिकल टीम को बुलाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया कि बाइक का इंजन पूरी रात चालू रहा था और उसी से निकलने वाली जहरीली गैस पूरे घर में फैल गई थी। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि वाहन का इंजन, जनरेटर या ऐसी मशीनें कभी भी बंद कमरे या घर के अंदर नहीं चलानी चाहिए, क्योंकि इससे निकलने वाली गैस जानलेवा साबित हो सकती है।

