रायपुर, 18 मार्च। Udaya Program : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर राजधानी रायपुर में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘उदया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। She Leads, She Creates, She Inspires थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में महिलाओं को नवाचार, नेतृत्व और व्यवसाय के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (महिला चेम्बर), जन शिक्षण संस्थान रायपुर और भावसार फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महिला चेम्बर की अध्यक्ष डॉ. ईला गुप्ता ने महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता पर जोर देते हुए कहा कि आज की महिला केवल परिवार तक सीमित नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला बन रही है। उन्होंने महिलाओं से नवाचार को अपनाने और अपने हुनर को व्यवसाय में बदलने का आह्वान किया।
सपनों को उड़ान देने का मंच बना उदया
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिसमें विशेषज्ञों ने महिलाओं को व्यवसाय, वित्तीय प्रबंधन और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। आईआईएम रायपुर की डॉ. रश्मि शुक्ला ने वित्तीय सुदृढ़ता और निवेश के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
साथ ही, उद्योग जगत के विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा करते हुए महिलाओं को व्यापार में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान बताए। इस दौरान कई सफल महिला उद्यमियों को ‘उदया सम्मान’ से सम्मानित भी किया गया।
समापन सत्र में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और जोखिम लेने के लिए प्रेरित किया।
करीब 450 से अधिक महिलाओं की सहभागिता वाले इस कार्यक्रम में उद्यमिता के नए आयामों पर चर्चा हुई और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प लिया।
यह कार्यक्रम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हुआ, जो उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और समाज में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा।


