इंदौर, 28 मार्च। Short Circuit : इंदौर के महू स्थित सिमरोल थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां खड़ी कार में अचानक आग लगने से 4 साल के मासूम चिराग की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बच्चे के पिता संजय बढ़िया पास ही डीजे वाहन का काम करवा रहे थे, जबकि मासूम कार के अंदर बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक कार में शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि किसी को कार के करीब जाने का मौका नहीं मिला। फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही मासूम की जलकर मौत हो चुकी थी। सिमरोल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

