कांकेर, 13 अप्रैल। Kanker Naxal Encounter : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सोमवार सुबह एक बार फिर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में 5 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली और माओवादी एरिया कमांडर रूपी को मार गिराया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह मुठभेड़ छोटे बेठिया थाना क्षेत्र के घने जंगलों में उस समय हुई, जब सुरक्षाकर्मियों की टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली हुई थी। इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला।
मुठभेड़ के बाद मौके से एक महिला नक्सली का शव और एक हथियार बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि मारी गई नक्सली प्रतापपुर क्षेत्र समिति की सक्रिय सदस्य थी और लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर थी।
फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी (Kanker Naxal Encounter) है और सुरक्षाबल जंगल में अन्य नक्सलियों की तलाश में जुटे हुए हैं। खास बात यह है कि यह मुठभेड़ ऐसे समय में हुई है, जब 31 मार्च को सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को माओवादी प्रभाव से मुक्त घोषित किए जाने के महज 12 दिन बाद ही फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है।

