रायपुर, 03 मई। RCB vs MI Raipur Match : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के रोमांच को लेकर छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले के टिकट की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है।
टिकट की शुरुआती कीमत ₹3150 रखी गई है, जबकि प्रीमियम कैटेगरी के टिकट ₹8000 तक पहुंच रहे हैं। टिकट बिक्री शुरू होते ही भारी ट्रैफिक देखा जा रहा है, जिससे साफ है कि यह मैच जल्द ही हाउसफुल हो सकता है।
यह मुकाबला शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। खास बात यह है कि RCB ने बेंगलुरु से शिफ्ट होकर रायपुर को अपना दूसरा होम ग्राउंड बनाया है, जिससे राज्य में क्रिकेट को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
आयोजकों के मुताबिक टिकट सिर्फ RCB की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर ही उपलब्ध हैं, ताकि फर्जीवाड़े से बचा जा सके। वहीं 13 मई को होने वाले अगले मैच के टिकट 4 मई से जारी किए जाएंगे। लंबे समय बाद रायपुर में IPL मैच होने से स्थानीय फैंस में जबरदस्त उत्साह है और अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को करीब से देखने का यह सुनहरा मौका माना जा रहा है।

